हेमावास ग्रामीण सेवा शिविर में 47 स्वामित्व पट्टे वितरित, आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का हुआ निस्तारण

पाली : जिले में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के तहत ग्राम पंचायत हेमावास में प्रशासन आमजन की सेवा में सक्रिय नजर आया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ दिलाते हुए सैकड़ों लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में स्वामित्व पट्टे वितरण 47, बंटवारा 2, मंगला पशु बीमा 40, शुद्धिकरण 14, स्वास्थ्य परीक्षण 117 और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र 13 जारी किए गए, जिससे ग्रामीणों को त्वरित राहत मिली।

वर्षों से लंबित बंटवारा प्रकरण का निस्तारण — ग्रामीणों की आँखों में छलक आई खुशी
शिविर का एक खास आकर्षण रहा ग्राम हेमावास के दुर्गेशकुमार, दिनेश, बनवारीलाल, पुरुषोत्तम, पाळीडेवी, रामप्रताप, लक्ष्मीनारायण व सायरी जातिगण साड निवासीगण का सहखातेदारी भूमि बंटवारा प्रकरण। ये ग्रामीण लंबे समय से भूमि बंटवारे के लिए परेशान थे। प्रशिक्षु आईएएस बिरजुगोपाल, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, और तहसीलदार की मौजूदगी में शिविर प्रभारी द्वारा तत्काल कार्यवाही कर आपसी सहमति से बंटवारा करवा दिया गया।

इस निर्णय से ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी के भाव झलक उठे। भावनाओं से भरे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि “अब हमारी बरसों पुरानी परेशानी खत्म हुई।” शिविर में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत राज, पशुपालन सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए और ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर समाधान किए।
शिविर में प्रधान मोहनी देवी पटेल, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, शिविर प्रभारी मनोज भाटी, तहसीलदार कल्पेश जैन, जनप्रतिनिधि पुखराज पटेल, यशपाल कुंपावत, भंवर चौधरी, सरपंच मोहनलाल पटेल, त्रिभुवन सिंह कुंपावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व आमजन उपस्थित रहे।




