जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव विक्रम सिंह भाटी ने किया किशोर गृह व शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने शुक्रवार को राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह पाली तथा राजकीय शिशु गृह पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने दोनों गृहों की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, कपड़े, बिस्तर, चिकित्सा सुविधाएं और भवन की भौतिक स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से भी संवाद कर गृह में मिलने वाली सुविधाओं, अध्ययन व्यवस्था तथा विधि से संघर्षरत बालकों की परामर्श प्रक्रिया की जानकारी ली।

बालकों ने बताया कि गृह में उन्हें पोषक आहार, दूध-चाय व नाश्ता नियमित रूप से उपलब्ध करवाया जाता है। खेलने के लिए केरम, लूडो, सांप-सीढ़ी जैसे इंडोर गेम्स भी मौजूद हैं, जिससे वे समय का सदुपयोग कर सकें।
सचिव भाटी ने निर्देश दिए कि गृहों में बालकों के लिए मैत्रीपूर्ण वातावरण बनाए रखें, भवनों की नियमित सफाई व स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक बच्चे की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान समन्वयक कन्हैयालाल, न्यायमित्र खुमारा परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



