
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली की पूर्व संध्या पर ‘वोकल फॉर लोकल’ का सशक्त संदेश देते हुए स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से खरीदारी की। रविवार को मुख्यमंत्री सपरिवार मानसरोवर के किरण पथ स्थित बड़े बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री, रंगोली, बंदनवार और फल जैसी पारंपरिक वस्तुएं खरीदीं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बड़ी कमी की है, जिससे दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती हुई हैं और आमजन को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर हुई बचत से लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह और उमंग बढ़ा है।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और विक्रेताओं को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपील की कि सभी लोग दीपावली पर स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से अधिक से अधिक खरीदारी करें ताकि उनके घरों में भी खुशहाली आए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान दुकानदारों से आत्मीय बातचीत की और यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर डिजिटल इंडिया को भी प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर स्थानीय व्यापार संगठनों और आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया।




