
पाली : राज्य के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने दीपावली पर्व के अवसर पर सुमेरपुर में तीन दिनों तक लगातार आमजन से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री कुमावत ने अपने निज आवास सुमेरपुर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में सुबह से देर शाम तक सैकड़ों नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई खुशियां और समृद्धि लेकर आए।

कुमावत ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण की भावना से कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रही योजनाएं जरूरतमंदों के लिए संबल साबित हो रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाएं, ताकि हर जरूरतमंद को लाभ मिल सके।
तीन दिवसीय सुमेरपुर प्रवास के बाद गुरुवार को मंत्री कुमावत से जयपुर सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर भी आमजन ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वर्गों की समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक के चेहरे पर मुस्कान आए और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।



