
ब्यावर : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने सोमवार को सीतामढ़ी जिले के बथनाहा विधानसभा क्षेत्र में अनोखे अंदाज में प्रचार किया। मंत्री गहलोत साइकिल रिक्शा पर बैठकर भाजपा प्रत्याशी अनिल राम के समर्थन में ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क करते हुए नजर आए।
मंत्री गहलोत ने ग्राम कमलदह के बूथ संख्या 313 और 314 पर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान और नौजवानों के उत्थान के लिए निरंतर काम किया है, और केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाएं आज हर घर तक पहुंच रही हैं।

बिहार की जनता राष्ट्रहित और विकास के मुद्दे पर वोट दे रही है। एनडीए की ऐतिहासिक जीत अब तय है, अविनाश गहलोत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, राजस्थान सरकार
गहलोत ने कहा कि जनता का उत्साह और समर्थन इस बार एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत का संकेत दे रहा है। उन्होंने लोगों को केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और गरीब कल्याण नीतियों की जानकारी दी।

इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंत्री गहलोत के साथ साइकिल जनसंपर्क अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाजपा के समर्थन में नारे लगाए और प्रत्याशी अनिल राम को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी सीतामढ़ी पहुंचे थे, जहां उन्होंने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली में भाग लेकर जनसभा को संबोधित किया था।



