
पाली : पाली के निकट सरदारपुरा की ढाणी में आयोजित आंजणा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-4 का समापन मंगलवार को खेल और उत्साह के माहौल में हुआ। समापन समारोह में प्रदेश के पशुपालन, देवस्थान एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में पटेल पैंथर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वाइकिंग 11 को हराकर सीजन-4 का खिताब अपने नाम किया। निर्णायक क्षणों में दर्शकों की तालियों से मैदान गूंज उठा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विजेता टीम को ₹35,000 का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

मंत्री कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल में वास्तविक रूप से हार-जीत नहीं होती, बल्कि यह अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और आत्मविश्वास का पाठ पढ़ाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ ग्रामीण युवाओं को नई दिशा देती हैं और खेल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देती हैं। मंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच ने क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को उजागर करने का कार्य किया है।
समापन समारोह में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, उपखंड अधिकारी पूरणकुमार, जैतारण थानाधिकारी जब्बरसिंह राजपुरोहित, रोहट सरपंच भरत पटेल, चेंडा सरपंच भगाराम पटेल, राणा सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण पटेल, समाजसेवी मोनू पटेल, टीकम सी पटेल, प्रकाश पटेल (AEN), सूजाराम पटवारी, प्रेम पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समापन के बाद युवाओं में अगले सीजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। आयोजन समिति ने घोषणा की कि आंजणा प्रीमियर लीग सीजन-5 को और अधिक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवा और बड़ी संख्या में इसमें भाग ले सकें।



