पाली : परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न, स्वास्थ्य विभाग ने नसबंदी और गर्भनिरोधक लक्ष्य पूरे करने के दिए निर्देश

पाली : जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन में मंगलवार को परिवार कल्याण कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने की। इस दौरान जिले के सभी बीसीएमओ (ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी) को परिवार कल्याण से जुड़े लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि “परिवार कल्याण कार्यक्रम चिकित्सा विभाग का एक प्रमुख लक्ष्य आधारित कार्यक्रम है, जिसकी ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा आवश्यक है।” उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विभाग लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है।

बैठक में डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए नसबंदी शिविरों की व्यवस्था, नसबंदी लक्ष्यों की पूर्ति, अंतरा इंजेक्शन, एन-पिल्स, गर्भनिरोधक गोलियों की उपलब्धता और उपयोग पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि “हर ब्लॉक में परिवार कल्याण कार्यक्रमों को प्राथमिकता देते हुए नियमित मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे हो सकें।”
बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत, डीपीएम भवानी सिंह, आशा समन्वयक कुलदीप गोस्वामी, डीएनओ विवेक पाल, नर्सिंग ऑफिसर कमल गहलोत, स्टोर कीपर हमीर सिंह सहित जिले के सभी बीसीएमओ मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि परिवार कल्याण कार्यक्रम न केवल जनसंख्या नियंत्रण से जुड़ा है, बल्कि यह समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक स्थिरता का भी आधार है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि “प्रत्येक ब्लॉक में समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के लिए टीमवर्क और नियमित समीक्षा जरूरी है।”



