राजकीय बांगड़ कॉलेज में व्याख्याता पर गमले चोरी का आरोप, छात्रों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पाली : शहर के राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में कॉलेज की संपत्ति से गमले चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप कॉलेज के ही व्याख्याता श्रवणसिंह राजपुरोहित पर लगाया गया है। इस घटना के बाद से कॉलेज के छात्र-छात्राओं में आक्रोश व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार कॉलेज परिसर में व्याख्याता द्वारा गमले ले जाने की घटना हुई, जिसकी जानकारी छात्रों को मिलते ही मामला सोशल मीडिया और वाट्सएप ग्रुप्स पर तेजी से वायरल हो गया। छात्रों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य महेन्द्रसिंह राजपुरोहित को सूचित किया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आक्रोशित छात्रों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी व्याख्याता के खिलाफ नियमों के अनुरूप सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।



