सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एल.एन. मंत्री के सख्त निर्देश हेलमेट अनिवार्य, क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी तुरंत मरम्मत

पाली : जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने की।
कलेक्टर मंत्री ने बैठक में सड़क सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने पनिहारी चौराहे पर क्षतिग्रस्त सड़क की तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए तथा पुलिस विभाग को दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई, एलएंडटी और आरएसआरडीसी के अधिकारियों से संपर्क मार्गों, सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की योजना तैयार करने को कहा।
कलेक्टर ने निराश्रित पशुओं को हटाने के लिए पशु मालिकों को समझाइश देने और आदेशों की अवहेलना करने वालों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने रोहट राजमार्ग पर कचोरी विक्रेताओं की दुकानों के आगे लगने वाले जाम को रोकने के लिए एसडीएम रोहट और विकास अधिकारी रोहट को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर मंत्री ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सड़क हादसों में होने वाली मौतों में कमी लाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर देने को कहा।

उन्होंने शिक्षा और जनसंपर्क विभागों को निर्देशित किया कि विद्यालयों और आमजन के बीच सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं। वहीं, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़कों की त्वरित मरम्मत करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, परिवहन अधिकारी गणपत लाल, पीडब्ल्यूडी एसई दिलीप परिहार, पुलिस विभाग से सुधड़ सिंह सहित एनएचएआई, एलएंडटी, आरएसआरडीसी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



