जोधपुर : Say No to Drugs, Yes to Life अभियान का शुभारंभ, नशा मुक्त समाज की ओर बढ़ा एक सशक्त कदम

जोधपुर : शहर में नशामुक्त और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जोधपुर व्यापार महासंघ, सोजती गेट व्यापारी संस्था एवं Global Relief Society के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को “Say No to Drugs, Yes to Life” जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण करना है। आयोजकों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शरीर और मन को कमजोर करता है, बल्कि परिवार की नींव और सामाजिक संतुलन को भी प्रभावित करता है। अभियान के तहत शहरभर में जागरूकता पंपलेट वितरित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें और नशामुक्त जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर Narcotics Control Bureau (NCB) के जोनल डायरेक्टर श्री घनश्याम सोनी और जोधपुर व्यापार महासंघ के संरक्षक शिव कुमार सोनी ने “Say No to Drugs, Yes to Life” पत्रक का विमोचन किया।
यह पहल जोधपुर को नशामुक्त और सशक्त समाज की दिशा में ले जाने वाला एक प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है, जिसमें व्यापारिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने मिलकर युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।



