google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली जिले में शुरू हुआ विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान, 4 दिसंबर तक घर-घर पहुंचेगा बीएलओ, करवाएगा फॉर्म भरवाने का कार्य

पाली, 4 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग जयपुर के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर एल.एन. मंत्री के नेतृत्व में आज से जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर परिगणना प्रपत्र (ईएफ फॉर्म) का वितरण और उसे भरवाने का कार्य कर रहे हैं। यह अभियान 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एल.एन. मंत्री ने बताया कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्र को काफी सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया है। अब यह एक पृष्ठीय फॉर्म है जिसमें मतदाता की आवश्यक जानकारी जैसे नाम, ईपिक नंबर, पता, भाग संख्या और क्रमांक संख्या पहले से ही भरी हुई है। साथ ही, मतदाता की फोटो भी फॉर्म पर छपी होती है, जिससे प्रक्रिया और आसान हो गई है।

बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को फॉर्म उपलब्ध करवा रहे हैं और उन्हें इसे सही तरीके से भरने में सहायता भी प्रदान कर रहे हैं। फॉर्म में मतदाता को केवल कुछ अतिरिक्त जानकारियां भरनी होंगी — जैसे जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), पिता या अभिभावक का नाम, माता का नाम, मोबाइल नंबर और एक हाल ही की रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लगानी होगी।

इसके अलावा, जिन मतदाताओं का नाम पिछली मतदाता सूची (SIR) में शामिल नहीं था, लेकिन उनके परिवार के अन्य सदस्यों जैसे माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी के नाम सूची में दर्ज हैं, उनके लिए फॉर्म में परिवारिक मैपिंग की व्यवस्था भी की गई है। इससे नए मतदाताओं की पहचान और सत्यापन और अधिक सटीक होगा।

कलेक्टर मंत्री ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदाता अधिकार के प्रति सजग रहें और बीएलओ के संपर्क में आकर फॉर्म भरवाने में सहयोग करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह से अद्यतन और सटीक बनाई जा सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button