पाली में जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा की चमक नशा मुक्ति, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों पर छात्रों ने दिया संदेश

पाली : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानपुरा भाकरी, पाली में शुक्रवार को राजस्थान शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (RIE), उदयपुर के तत्वावधान में जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जिले के पांच ब्लॉकों से कुल 32 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसका शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय राहुल राजपुरोहित ने किया।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेन्द्र प्रसाद लखेरा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति, मोबाइल के दुष्प्रभाव, नागरिक कर्तव्यों, यातायात नियमों की पालना और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने अभिनय और नृत्य के माध्यम से बेहद प्रभावशाली संदेश दिए।

कार्यक्रम में यूसीसीओ एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य सेठ मुकुंदचंद बालिया ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजन स्थल की प्रधानाचार्य शीला कनौजिया ने सभी अतिथियों व निर्णायकों का स्वागत कर आभार जताया। निर्णायक मंडल में जितेन्द्र आडवाणी (प्रधानाचार्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चोटिला), रोमा जोशी, दीपक जावा, नीलम लक्षकार और शीला कनौजिया शामिल रहे।
लोक नृत्य प्रतियोगिता:
प्रथम — राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़ा रामसिंह (मारवाड़ ब्लॉक)
द्वितीय — राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मिल क्षेत्र (पाली ब्लॉक)
तृतीय — कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सोजत ब्लॉक
रोल प्ले प्रतियोगिता:
प्रथम — राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आना (देसूरी ब्लॉक)
द्वितीय — राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़ा रामसिंह (मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक)
तृतीय — राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मिल क्षेत्र (पाली ब्लॉक)
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के जोश, सृजनशीलता और सामाजिक संदेशों ने यह साबित किया कि पाली जिले की नई पीढ़ी केवल प्रतिभाशाली ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझती है।



