google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : सांसद खेल महोत्सव 2025 की क्लस्टर-A प्रतियोगिता का शुभारंभ, युवाओं में खेल भावना और फिट इंडिया का संकल्प

पाली : सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत क्लस्टर-A खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को श्रीमती चीमाबाई संचेती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र, पाली में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो भारत, स्वस्थ भारत विजन को साकार करने की दिशा में किया गया है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपसभापति मूलसिंह भाटी, विधानसभा संयोजक (सांसद खेलकूद प्रतियोगिता) त्रिलोक चौधरी और प्रताप मंडल संयोजक अजय वैष्णव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य जयनारायण कड़ेचा ने की।

पूर्व उपसभापति भाटी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं बल्कि अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।” उन्होंने युवाओं को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और खेलों को जीवन का आवश्यक अंग बनाने का संदेश दिया। विधानसभा संयोजक त्रिलोक चौधरी ने खिलाड़ियों से सच्ची खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया और सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन खो-खो खेल के मैच आयोजित किए गए। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के संचालन में विभाग द्वारा नियुक्त शारीरिक शिक्षकों — विक्रम सिंह, उपेन्द्र सिंह, नागपाल सिंह, किशोर चौधरी, अभिषेक जैतावत, देवी सिंह, लिपिका सरकार, विजय चौधरी, गुरप्रीत सिंह, मानवेन्द्र सिंह, श्रीदेवी पटेल सहित नियंत्रण कक्ष में रविन्द्र कुमार, जब्बर सिंह और राकेश पंवार का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ के कैलाश चन्द्र शर्मा, सुरेश चौधरी, पूरण शर्मा, राजू देवी, लक्ष्मी चौधरी, दिनेश जैन, जयश्री, रंजनदास, किरण व्यास और पार्वती देवी का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की प्रशंसा की और कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करती हैं, जिससे राष्ट्र में फिट इंडिया का सपना साकार हो सकेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button