जवाहर नवोदय विद्यालय जोजावर में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा की जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

पाली : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जोजावर (पाली) में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और योगदान को स्मरण करना था।
विद्यालय में 1 नवम्बर से 15 नवम्बर तक जनजातीय पखवाड़ा के तहत विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण, आदिवासी नृत्य और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शामिल हैं। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा युवाओं के लिए त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर निःस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की उन्नति में योगदान देना चाहिए।
इतिहास शिक्षिका और कार्यक्रम प्रभारी मोनिका चलाना ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा का योगदान अमूल्य है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। भूगोल शिक्षक उमाकांत पारीक ने उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रगीत की रचना और उसके महत्व की भी व्याख्या की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने दिल्ली से प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को लाइव देखा और सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदिवासी समाज की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय योगदान का आह्वान किया।

कार्यक्रम की संपूर्ण योजना मोनिका चलाना, उमाकांत पारीक और लक्ष्मण शर्मा ने तैयार की, जबकि संगीत शिक्षिका विधि शर्मा ने संचालन किया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में देशभक्ति और संस्कृति के रंग बिखर उठे, और विद्यार्थियों ने एक स्वच्छ, सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लिया।



