पाली : स्काउट-गाइड राज्यपाल पुरस्कार परीक्षा का आगाज़, रिकॉर्ड 357 प्रतिभागी बने हिस्सा, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर दी देशभक्ति प्रस्तुति

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में राज्यपाल पुरस्कार स्काउट एवं रोवर परीक्षा का शुभारंभ जिला प्रशिक्षण केंद्र, बजरंग बाड़ी, पाली में हुआ। यह चार दिवसीय परीक्षा 8 से 11 नवम्बर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें रिकॉर्ड संख्या में 357 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
सी.ओ. स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि राज्यपाल पुरस्कार स्काउट परीक्षा में 329 स्काउट और रोवर परीक्षा में 28 रोवर सहभागी बने हैं। वहीं सी.ओ. गाइड डिंपल दवे ने बताया कि इस वर्ष पाली जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर में भाग लेने वाले स्काउट्स की संख्या पूरे राज्य में सर्वाधिक है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम् गीत के सामूहिक गायन से हुई।
शिविर में मुख्य परीक्षक के रूप में लीडर ट्रेनर स्काउट अनिल कुमार शर्मा (जोधपुर) ने निरीक्षण किया। प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम के तहत लिखित, मौखिक और प्रायोगिक परीक्षाओं से होकर गुजरना होगा।
शिविर संचालक मोहनसिंह राठौड़ (स्काउट) एवं प्रभु प्रजापति (रोवर लीडर) के नेतृत्व में परीक्षा का संचालन किया जा रहा है।
परीक्षण कार्य में चंदन मल, चुन्नीलाल, कैलाश कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, दौलत सिंह, जयपाल सिंह, सुरेश मेवाड़ा, रामकरण प्रजापति, विशाल, घीसाराम, कर्माराम, जगदीश प्रसाद मीणा और विक्रम सहित अन्य परीक्षक सहयोग कर रहे हैं।

शिविर की सभी परीक्षाओं एवं अहर्ताओं को पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की अनुशंसा राज्य मुख्यालय जयपुर को भेजी जाएगी, जहां से आगामी 12 जनवरी को महामहिम राज्यपाल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।



