राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) ने उपशाखा रानी को दिया नया नेतृत्व, लक्ष्मण सिंह गिरवर बने संयोजक, शिक्षकों में हर्ष

पाली : राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रदेश नेतृत्व ने संगठन सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उपशाखा रानी के नए संयोजक के रूप में वरिष्ठ शिक्षक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह गिरवर की नियुक्ति की है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही शिक्षकों और संगठन कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई।
रविवार को आयोजित भव्य स्वागत समारोह में जिला अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह ने गिरवर को साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गिरवर का संयमित स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण उपशाखा के कार्यों को नई दिशा देगा। जिला मंत्री ओमप्रकाश कुमावत ने कहा कि गिरवर का अनुभव संगठन की गतिविधियों को गति देगा और समन्वय का नया अध्याय जोड़ेगा।
कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष तेजसिंह सोढा और संभाग संगठन मंत्री मुकनाराम बावल ने भी इसे प्रदेश कार्यकारिणी का दूरदर्शी निर्णय बताते हुए संगठन की मजबूती का प्रतीक कहा। इस अवसर पर उपशाखा रानी के शिक्षक सदस्य नारायणलाल प्रजापत, मुरलीमनोहर शर्मा, भरतलाल मीणा, फुलचंद मालवीय, पुनारामजी, सुरेश कुमार प्रजापत, राजेन्द्र मौर्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और नव-नियुक्त संयोजक को शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में लक्ष्मण सिंह गिरवर ने जिला इकाई और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों व उद्देश्यों को धरातल पर सशक्त रूप से लागू करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा और संगठनात्मक एकता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।



