दूदू में दर्दनाक सड़क हादसा: स्लीपर बस NH-48 पर पलटी, 19 यात्री घायल, 6 की हालत गंभीर, जयपुर रेफर

जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-48 पर सावरदा पुलिया के पास एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 19 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही मौखमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस व ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिसके चलते वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद NH-48 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने बस को हटवाकर कुछ घंटे बाद खुलवाया।
पुलिस जांच में जुटी
मौखमपुरा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है — यह पता लगाया जा रहा है कि बस चालक की लापरवाही थी या किसी तकनीकी खराबी के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। फिलहाल बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे किया गया है और यातायात सुचारू कर दिया गया है।

स्थानीयों की तत्परता ने बचाई कई जानें
ग्रामीणों ने हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस के आने तक घायलों को बाहर निकालने में मदद की। उनकी सतर्कता से कई यात्रियों की जान बच सकी।




