कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने कहा, किसान परिस्थिति के अनुसार करें खेती, कम लागत में बढ़ाएँ उत्पादन
आत्मा योजना की बैठक में वर्ष 2025–26 की वार्षिक कार्ययोजना को मिली मंजूरी, प्रगतिशील कृषक हुए सम्मानित

पाली : जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में आत्मा (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी) योजना के तहत शासी परिषद् आत्मा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की कृषि योजनाओं की प्रगति, भविष्य की कार्ययोजना और किसानों की आय वृद्धि पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर मंत्री ने कहा कि किसानों को अपनी फसलों का चयन स्थानीय परिस्थिति और जलवायु के अनुसार करना चाहिए, ताकि खेती अधिक लाभकारी बन सके। उन्होंने कहा कि किसानों को उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के प्रयास करने चाहिए।

उन्होंने कृषकों से डीएपी उर्वरक के स्थान पर एसएसपी या एनपीके उर्वरकों का उपयोग करने का आग्रह किया और बताया कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और लागत भी घटती है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रगतिशील एवं पुरस्कृत कृषकों के खेतों पर गोष्ठियां, भ्रमण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि अन्य किसान भी उनके अनुभवों से सीख सकें। साथ ही, इन किसानों को रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षणों में शामिल करने की बात कही।

उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा प्रदीप कुमार छाजेड़ ने बैठक में वर्ष 2024–25 की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्ष 2025–26 की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन कराया।
बैठक में आत्मा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित कृषकों में —
छगनलाल देवासी (दुजाना), हुकम सिंह राजपूत (राजपुरा-सादड़ी), धन्नाराम चौधरी (नाडोल), हितेन्द्र सिंह (सादड़ी), धापु देवी (देसूरी), हनुमान सिंह पुरोहित (पिलोवनी), गणपत सिंह (सिसरवाड़ा), गेनाराम सिरवी (सिसरवाड़ा) एवं हिम्मतमल मालवीय (टेवाली खुर्द) शामिल रहे।
इन सभी को कलेक्टर एल.एन. मंत्री एवं प्रशिक्षु आईएएस बिरुजू गोपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक कृषि (वित्तीय) रमेशचंद आमेटा, उप निदेशक उद्यान डॉ. मनोज अग्रवाल, उप निदेशक सुमेरपुर कैलाशचंद, उप निदेशक पशुपालन डॉ. संजय रोटे, नाबार्ड उप महाप्रबंधक विपिन चुग, सहायक निदेशक कृषि फुलाराम, अशोक राजपुरोहित, शंकरलाल सोलंकी, शंकरलाल बाली, सहायक निदेशक उद्यान श्रीमती कीर्ति वागोरिया, उप परियोजना निदेशक आत्मा सज्जन सिंह राजावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में कृषि विभाग की जिला स्तरीय कृषि समिति एवं उद्यान विभाग की जिला हॉर्टिकल्चर सोसायटी की बैठकें भी संपादित की गईं।




