पाली : वर्ल्ड रिमेम्ब्रेंस डे पर सड़क हादसा पीड़ितों को श्रद्धांजलि, टोल प्लाज़ा गाजनगढ़ पर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद

पाली। विश्व सड़क दुर्घटना मृतक स्मृति दिवस 2025 के अवसर पर रविवार को जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गाजनगढ़ टोल प्लाज़ा पर सड़क हादसा पीड़ितों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर लक्ष्मी नारायण, आरटीओ अर्जुन सिंह, एआरटीओ गणपत पुनड, तथा जिला परिवहन अधिकारी विजय कुमार मीना के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
परिवहन निरीक्षक दलपत खीची एवं मीनाक्षी कैथरीन ने बताया कि नवंबर माह के तीसरे रविवार को पूरे विश्व में ‘वर्ल्ड रिमेम्ब्रेंस डे’ मनाया जाता है, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों, घायलों और प्रभावित परिवारों को सामूहिक श्रद्धांजलि दी जाती है। इस वर्ष की थीम “खोई हुई प्रतिभाएँ” तथा स्लोगन “REMEMBER, SUPPORT, ACT” रखा गया है।

राजस्थान में भी इसी दिन को राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है। 16 नवंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्री, स्थानीय नागरिक एवं स्कूल छात्र उपस्थित रहे।
जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार हर वर्ष लगभग 1.3 मिलियन लोग सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाते हैं, जबकि 20–50 मिलियन लोग घायल होते हैं, जिनमें काफी संख्या गंभीर रूप से विकलांग हो जाती है।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में सर्वाधिक प्रभावित आयु वर्ग 18 से 35 वर्ष है, जो भविष्य की महत्वपूर्ण मानव प्रतिभा को नुकसान पहुंचाता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क दुर्घटना मृतकों की स्मृति में मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा टोल प्लाज़ा स्टाफ भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा।



