बांगड़ कॉलेज में सामूहिक गान और स्वदेशी संकल्प से गूंजा परिसर, पूर्व विधायक पारख रहे मुख्य अतिथि

पाली : राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय पाली में गुरुवार को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्@150’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिसर राष्ट्रभावना और स्वदेशी संकल्प की ऊर्जा से भर उठा, जब सैकड़ों विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा रहे। दोनों अतिथियों ने उपस्थित छात्रों-छात्राओं और शिक्षकों को स्वदेशी संकल्प की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, त्याग और स्वतंत्रता की धरोहर है, जिसे युवा पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में ताड़केश्वर विद्यालय की छात्राओं ने वंदे मातरम् की आकर्षक और भावनापूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन रश्मि त्रिवेदी ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के आचार्य, सह-आचार्य, सहायक आचार्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का उत्साह और स्वदेशी अपनाने का संकल्प प्रमुखता से नजर आया।



