ब्राह्मण बेटियों पर अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में उग्र जनआक्रोश, विप्र फाउंडेशन ने राष्ट्रपति के नाम पाली कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पाली : ब्राह्मण समाज की बेटियों के खिलाफ अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी पर देशभर में उभर रहे तीव्र रोष के बीच विप्र फाउंडेशन पाली जिला इकाई ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर पाली एल. एन. मंत्री को ज्ञापन सौंपकर आरोपी अधिकारी पर तत्काल और कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष प्रमोद दवे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो पूरे देश में पीड़ा, आक्रोश और चिंता का विषय बना हुआ है। वीडियो में दिखाई दे रहा संतोष वर्मा, जिसे मध्यप्रदेश कैडर का अधिकारी तथा अजाक्स संस्था का प्रदेश अध्यक्ष बताया जा रहा है, एक सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज की बेटियों पर बेहद अशोभनीय, अपमानजनक और स्त्री-विरोधी टिप्पणियां करता नजर आ रहा है।
“न सिर्फ ब्राह्मण समाज, बल्कि देश की हर बेटी का अपमान”
ज्ञापन में कहा गया कि यह बयान केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय नारी गरिमा का अपमान है, जिसने देशभर के समाज में तीव्र आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। यह भी प्रश्न उठाया गया कि क्या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को समाज की बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने का अधिकार है?

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का आरोप
फाउंडेशन ने आरोप लगाया कि यह वक्तव्य सुनियोजित रूप से विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने और समाज की एकता को कमजोर करने की नीयत से दिया गया प्रतीत होता है। यदि ऐसी मानसिकता पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में यह और गंभीर सामाजिक तनाव व अशांति को जन्म दे सकती है।
तत्काल निलंबन व कड़ा कानूनी दंड की मांग
विप्र फाउंडेशन ने ज्ञापन में मांग की कि आरोपी अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर उदाहरणात्मक कानूनी दंड दिया जाए, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि नारी सम्मान और सामाजिक सौहार्द के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए देश में कोई स्थान नहीं है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राष्ट्र इस मामले को “सिर्फ विवाद” नहीं, बल्कि “गंभीर अपराध” मानता है और शीघ्र निर्णायक कार्रवाई की अपेक्षा करता है। नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की रक्षा हेतु राष्ट्रपति के हस्तक्षेप की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद दवे, प्रदेश सचिव व पाली गौड़ ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष विजयराज गौड़, महासचिव जयशंकर त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष शिवप्रसाद दायमा, ब्राह्मण महासभा प्रदेश महासचिव ताराचंद शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



