google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में बस में जेबतराशी का खुलासा, 31 हजार रुपए चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक व नकदी बरामद

पाली : भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बसों के यात्रियों को निशाना बनाने वाले जेबकतरा गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी वारदात का खुलासा किया है। रानी थाना पुलिस ने बस में चढ़ते वक्त यात्री की जेब से 31 हजार रुपए चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की हैं।

रानी थाने के एचएचओ आनंद कुमार के अनुसार नाडोल निवासी मांगीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर को उसने बैंक से 50 हजार रुपए निकाले थे। इसमें से 19 हजार रुपए की खरीदारी के बाद शेष 31 हजार रुपए उसने जेब में रखे हुए थे। नाडोल के कोटड़ी तिराहे पर बस में चढ़ते समय अज्ञात युवक उसकी जेब से रकम निकालकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने 27 वर्षीय कुमार पुत्र शिवा निवासी कच्ची बस्ती फालना, 35 वर्षीय दिलीप कुमार पुत्र दरियाव, 19 वर्षीय कन्हैया पुत्र मनोज और 20 वर्षीय चन्दन पुत्र पप्पू निवासी शिवाजी नगर फालना को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई राशि और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह भीड़-भाड़ वाले बस स्टैंड और चौराहों पर यात्रियों की जेब काटने की फिराक में रहता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button