
पाली : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर पाली पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पारिवारिक वैवाहिक समारोह में शिरकत की और उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इसके बाद प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से विस्तृत वार्ता की।
जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश प्रभारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेशभर में चल रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को बूथ स्तर तक व्यापक रूप से मजबूत किया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा का हर घर संपर्क अभियान एक राष्ट्रीय स्तर का मतदाता जागरूकता अभियान है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि मजबूत और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए हर पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल होना अनिवार्य माना जाए।
इस मौके पर केबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़, जिलााध्यक्ष सुनील भंडारी, सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्र से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



