
पाली : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पुत्र श्रेयांश राठौड़ के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को पाली पहुँचे। बिरला के आगमन पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
लोकसभा अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर जैसे ही पाली के हेलीपैड पर उतरा, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, विधायक शोभा चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा और जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी सहित कई नेताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी एल.एन. मंत्री और एसपी आदर्श सिंधु ने भी बिरला का स्वागत किया। इस दौरान ओम बिरला ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आत्मीय मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
विवाह समारोह में ओम बिरला के अलावा प्रदेश के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रेयांश को शुभकामनाएँ और आशीर्वाद दिया।

आयोजन स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पारंपरिक साफा पहनाकर सभी वीआईपी मेहमानों का सम्मान किया। समारोह में राजनीतिक और प्रशासनिक जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।




