बांगड़ अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का बाल कल्याण समिति सदस्य ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना

पाली : पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय और सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बांगड़ अस्पताल में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का बाल कल्याण समिति सदस्य जितेंद्र परिहार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
केंद्र प्रबंधक सुश्री देवी बामणिया ने निरीक्षण के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर में दी जा रही सेवाओं, लंबित प्रकरणों तथा उनके फॉलोअप के संबंध में जानकारी दी। समिति सदस्य परिहार ने केस रजिस्टर, केस फाइलें, आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया और पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान समीक्षा में यह सामने आया कि केंद्र द्वारा बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित रूप से माता-पिता के सुपुर्द करने में सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभाई जा रही है। समिति सदस्य ने केंद्र की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर गीता देवी, नवीन एवं विद्या भी उपस्थित रहे।



