google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : बाबा साहेब अंबेडकर जयंती सप्ताह, 28 बस्तियों में लगे स्वास्थ्य शिविर, समरसता दौड़ और विविध कार्यक्रमों से गूंजा शहर

पाली : संविधान निर्माता और महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल 2025 तक पाली नगर में सामाजिक समरसता सप्ताह के अंतर्गत सप्त दिवसीय विविध आयोजनों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर की 28 बस्तियों में 28 चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाओं का वितरण किया गया।

सेवा भारती, विद्या भारती एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन मेडिकल कैम्पों का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार और सामाजिक समरसता को मजबूती देना है। अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की मुफ्त जांच की और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम की शुरुआत 6 अप्रैल को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान बाबा साहेब की भव्य झांकी से हुई, जिसने सामाजिक एकता का संदेश दिया। इसके बाद 8 और 9 अप्रैल को शहर के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों को चित्रों और शब्दों में उतारा।

11 अप्रैल शुक्रवार को शहर की अलग-अलग बस्तियों में भजन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय मातृशक्ति द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं 13 अप्रैल को ‘समरसता दौड़’ का आयोजन क्रीड़ा भारती द्वारा किया जाएगा, जो प्रातः 6:30 बजे अंबेडकर सर्किल से प्रारंभ होकर साइंस पार्क तक जाएगी। इसी दिन शाम को अंबेडकर सर्किल पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

14 अप्रैल को जयंती दिवस पर वाहन रैली, रक्तदान शिविर और विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। विचार गोष्ठी में बाबा साहेब के विचारों पर संवाद और विमर्श किया जाएगा।

श्रद्धेय बाबा साहेब अंबेडकर जयन्ती महोत्सव समिति द्वारा आयोजित यह सप्ताह भर चलने वाला महोत्सव नगर में सेवा, शिक्षा और समरसता के माध्यम से समरस समाज की दिशा में एक मजबूत प्रयास है। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button