पाली : 11 बेटियों का सामूहिक विवाह सम्मेलन शुरू, लग्न कार्यक्रम संपन्न, 12 मार्च को सोजत में होगा भव्य विवाह समारोह

पाली : जिले में सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन का पहला चरण गुरुवार से शुरू हो गया। राष्ट्रीय संत सेवा और गौ रक्षा कल्याण परिषद, दाती सेवा संस्थान और वादी नट भाट जागृति संघ के संयुक्त तत्वावधान में वादी-नट-भाट समाज की 11 कन्याओं का प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
परम पूज्य स्वामी निजस्वरुपानंदपुरी जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम का पहला चरण श्री शनिधाम, गोल निम्बड़ा खेतावास पाली में संपन्न हुआ, जहां 11 बेटियों का विधिवत लग्न लिखा गया। इस दौरान वर-वधू पक्ष के परिवारजन और रिश्तेदार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार आगामी 12 मार्च 2026 को भव्य सामूहिक विवाह समारोह गुरुकुल आश्वासन बाल ग्राम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में पाली, जोधपुर, नागौर, सिरोही, जालोर, अजमेर, बाड़मेर और ब्यावर सहित विभिन्न क्षेत्रों से समाजबंधु शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि सामूहिक विवाह से सामाजिक सहयोग, समरसता और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा मिलता है। यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। आयोजन समिति ने समाज के सभी लोगों से 12 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की है।
इस अवसर पर दाती जी महाराज ने कहा कि समाज की मजबूती से ही राष्ट्र मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि समाजहित और राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि मानते हुए विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
गुरुकुल की निदेशिका माँ श्रद्धा पूरी ने बताया कि विवाह समारोह को लेकर गुरुकुल परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। यहां विशाल पंडाल, भोजन पंडाल, विवाह वेदियां, तोरण द्वार और बारातों के ठहरने के लिए अलग-अलग टेंट की व्यवस्था की जा रही है तथा पूरा परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा।
इस भव्य आयोजन में राजस्थान और अन्य राज्यों के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों के भी शामिल होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि श्री शनिधाम ट्रस्ट पिछले दो दशकों से सामूहिक विवाह का आयोजन कर रहा है और अब तक लगभग 11 हजार से अधिक जरूरतमंद बेटियों के विवाह संपन्न करवा चुका है।



