google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह पर जागरूकता कार्यशाला, छात्राओं को साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी से बचाव की दी जानकारी

पाली : अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह 2026 के तहत जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग पाली के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यशाला और सिग्नेचर कैंपेन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिवाजी नगर स्थित विवेकानन्द शिशु सदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के समन्वय से किया गया। कालिका पेट्रोलिंग टीम ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, मानव तस्करी से बचाव तथा सतर्कता बरतने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं, खिलौने या अन्य सामान स्वीकार नहीं करना चाहिए और हर परिस्थिति में सतर्क रहना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना से बचा जा सके। कार्यशाला के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।

इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर पिंकी मीणा ने विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे निःशुल्क RS-CIT, RS-CFA, RS-CSEP और शिक्षा सेतु कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं जिला हब एवं वूमेन एम्पावरमेंट स्पेशलिस्ट राजश्री ने छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, जनसंपर्क हेल्पलाइन नंबर 181 तथा राजकोप सिटीजन एप के उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में इन माध्यमों से तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्राएं मौजूद रही। इस दौरान छात्राओं ने सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े संदेशों के साथ सिग्नेचर कैंपेन में भी भाग लिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button