गुरु नगर स्कूल का औचक निरीक्षण, एडीईओ ने शिक्षण व्यवस्था व पोषाहार की ली जानकारी

पाली : शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विद्यालय सम्बलन अभियान के तहत शनिवार को अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरु नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर की विस्तृत जांच की गई।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारम्भिक तेजसिंह पंवार ने विद्यालय पहुंचकर कार्मिक उपस्थिति पंजिका, शिक्षण कार्य, प्रखर राजस्थान 2.0 कार्यक्रम, पोषाहार व्यवस्था, कक्षा कक्षों की स्थिति, पुस्तकालय वितरण तथा विद्यार्थियों को दी जा रही कार्यपुस्तिकाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षिक स्तर की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की समग्र शैक्षिक गतिविधियों का गहन अवलोकन करते हुए शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया और विद्यालय के शैक्षिक स्तर को संतोषजनक बताया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान संस्था प्रधान मदनलाल, भागीरथ सिंह पुरोहित, सुखराम और रेखा राठौड़ सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।



