महिला दिवस पर बांगड़ स्टेडियम में ‘अस्मिता लीग’ का आयोजन, बालिकाओं ने दौड़ व खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया दम

पाली : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के खेलो इंडिया अभियान के तहत ‘मेरा युवा भारत’ पाली के तत्वावधान में जिला प्रशासन के नेतृत्व में बांगड़ स्टेडियम में अस्मिता लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद पी.पी. चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों को ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक जीतकर देश और पाली का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल भावना की भी सराहना की।

इस अवसर पर सांसद पी.पी. चौधरी, पाली प्रधान मोहनी देवी और सुनील भंडारी ने प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
शुभारंभ समारोह में पूर्व उप निदेशक नूतन बाला कपिला ने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं एएनएम कॉलेज के प्राचार्य के.सी. सैनी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की सलाह दी। उप जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत ने खिलाड़ियों को अनुशासन और समर्पण के महत्व से अवगत कराया।

जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का संचालन मीनल जांगिड़ ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष देवीलाल मेघवाल, समाजसेवी त्रिलोक चौधरी, डी.आर. चौधरी, जिला खेल अधिकारी जले सिंह, पूर्व जिला खेल अधिकारी लहरी दास वैष्णव, पूर्व शारीरिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष भंवरलाल चौधरी, खेलो इंडिया सेंटर प्रभारी पीयूष दिनकर, जिला ओलंपिक संघ सचिव राजेश पाटनेचा, कोच जितेंद्र रांका, मोनी कुमारी, आशा और भंवरसिंह राजपुरोहित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
200 मीटर दौड़ में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रियंका प्रथम, कुमकुम द्वितीय और पंखी तृतीय रहीं। 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग में तमन्ना प्रथम, कविता द्वितीय और रवीना तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि 13 वर्ष से कम आयु वर्ग में कृतिका प्रथम, रवीना द्वितीय और चुनिता तृतीय रहीं।
100 मीटर दौड़ में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रियंका प्रथम, पंखी द्वितीय और भावना तृतीय रहीं। 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग में तमन्ना प्रथम, कविता द्वितीय और विमला तृतीय रहीं, वहीं 13 वर्ष से कम आयु वर्ग में कृतिका प्रथम, रवीना द्वितीय और कृष्णा तृतीय स्थान पर रहीं।

400 मीटर दौड़ में कृतिका, कविता और प्रियंका ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं रस्साकशी के मुकाबले में कन्या गुरुकुल चेण्डा की टीम ने ईडब्ल्यूएस हॉस्टल की टीम को हराकर जीत दर्ज की। लेमन रेस में भी युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभी विजेता खिलाड़ियों को टिफिन और पानी की बोतल देकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका गोविंद सिंह राणावत, नागपाल सिंह, गोविंद प्रसाद, पूरण पटेल, मानवेंद्र, दिनेश भादू, विक्रम सिंह और प्रकाश शर्मा ने निभाई। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में विध्या, संतोष, रेखा वैष्णव, निर्मला, विक्रम, सुशीला गोरडिया, भरत तोसावरा, धनराज, हविर्षता, ललिता और लक्ष्मी राजपुरोहित का विशेष योगदान रहा।




