भींडर गांव में अनोखे अंदाज में मनाया गया महिला दिवस, महिला श्रमिकों को जलेबी खिलाकर किया सम्मान

पाली/रोहट। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोहट क्षेत्र के भींडर गांव में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का अनूठा संदेश दिया गया। रोहट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मंगलाराम पटेल भींडर ने खेतों में चना कटाई कर रही महिला श्रमिकों के बीच पहुंचकर उनका मुंह मीठा करवाते हुए जलेबी खिलाई और महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मंगलाराम पटेल ने महिला श्रमिकों से संवाद करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को बालिका शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि यदि एक बालिका शिक्षित होती है तो वह दो परिवारों का भविष्य संवारती है। इसलिए समाज के हर वर्ग को बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। पढ़ी-लिखी महिलाएं न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं, बल्कि समाज और परिवार के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इस अवसर पर खेतों में कार्य कर रही महिला श्रमिकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के दौरान लहरीदेवी पटेल, सीता देवासी, फुलकी देवी, गटकी देवी, पानी देवी, जमना देवी, मांगीदेवी, भुंडकी, राधा और वर्षा पटेल सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
महिला दिवस पर इस तरह खेतों में काम कर रही श्रमिक महिलाओं के बीच जाकर उनका सम्मान करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को सराहते हुए इसे महिलाओं के प्रति सम्मान और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश बताया।



