google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान, 21 बेटियों के साथ मनाया गया ‘बेटी जन्मोत्सव’

पाली, 08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग पाली द्वारा जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद पी.पी. चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा सरस्वती पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पूरे जिले में सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यशालाएं, महिलाओं एवं किशोरियों के लिए एनीमिया जांच और जागरूकता अभियान, आत्मरक्षा प्रशिक्षण रैलियां, सिग्नेचर कैंपेन तथा महिलाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम शामिल रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद पी.पी. चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और संसद में महिलाओं को दिए गए आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण में भाग लेकर सशक्त बनना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम और तलवारबाजी जैसी साहसिक प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं सुनील भंडारी ने महिलाओं से राजनीति में अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया और लाडो प्रोत्साहन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों की चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान पन्नाधाय सुरक्षा सम्मान योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। संस्थागत/व्यक्तिगत श्रेणी में संतोष सांखला को प्रथम, महिला सुरक्षा सहयोगी समिति को द्वितीय तथा पारस थानवी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को क्रमशः 7500, 5000 और 2500 रुपये के चेक, शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नसीम आरा को श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पार्वती वैष्णव को श्रेष्ठ साथिन, सविता वैष्णव को आशा सहयोगिनी तथा संतोष को श्रेष्ठ आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में 11-11 हजार रुपये के डमी चेक, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिले के प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक श्रेष्ठ साथिन और सखी सेंटर की विधिक सलाहकार को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालक मांगीलाल तंवर को महिलाओं को विधिक जानकारी देने के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान 21 नवजात बेटियों को घेवर खिलाकर, खिलौने और बेबी किट देकर ‘बेटी जन्मोत्सव’ मनाया गया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बांगड़ महाविद्यालय की छात्राओं, साथिनों और मायो कॉलेज अजमेर की छात्रा ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं छात्रा लक्षिता ने ‘राम आएंगे’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में समेकित बाल विकास सेवाएं विभाग के अंतर्गत 16 महिलाओं को माता यशोदा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा राजीविका के तहत 10 महिलाओं को लखपति दीदी पुरस्कार से सम्मानित करते हुए उन्हें टैबलेट भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रकाशचंद, डीपीएम राजीविका सविता टी, कल्याण सिंह, मनोहर कंवर, शोभा सोलंकी, रमेश परिहार, विमला मंत्री, राधेश्याम भाटी, के.एम. शर्मा, अशोक चौधरी, अमृत जांगिड़, राजश्री, प्रियंका व्यास, देवी बामणिया, उत्तम राज चौहान, पिंकी मीणा, कविता, करीना, रैणू मेहरावदिया, प्रभा सोलंकी, भगवती अहीर, अजीज, इंदूबाला, विक्रम चौधरी सहित कई अधिकारी, समाजसेवी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह ने महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button