सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने जाडन के ओम आश्रम में किए दर्शन, स्वामी माधवानंद पुरी की समाधि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

पाली/जाडन : सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने पाली जिले के जाडन स्थित प्रसिद्ध ओम आश्रम का दौरा कर पूज्य गुरुदेव के दर्शन किए और आश्रम के विभिन्न पवित्र स्थलों पर श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान उन्होंने हिंदू धर्म सम्राट पूज्य स्वामी माधवानंद पुरी जी महाराज की पावन समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
दौरे के दौरान राज्यपाल माथुर ने श्री द्वार ज्योति लिंगेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत दर्शन और अभिषेक कर देश और विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने ओम आश्रम के आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां धर्म, सेवा और मानवता के कल्याण के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं, वे अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने आश्रम में संचालित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने पूज्य गुरुदेव को सिक्किम आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया, जिसे गुरुदेव ने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के दर्शन और उनके सान्निध्य में आने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
राज्यपाल माथुर ने यह भी कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि गुरुदेव ने पूज्य स्वामी अवतार पुरी जी महाराज को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने स्वामी अवतार पुरी के नेतृत्व, सेवा भावना और आश्रम में उनके द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने स्वामी अवतार पुरी जी महाराज के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म, संस्कृति और समाज के कल्याण के लिए किए जा रहे ऐसे कार्यों को आगे बढ़ाने में वे सदैव सहयोग और समर्थन देते रहेंगे।
राज्यपाल के इस दौरे से आश्रम परिसर में भक्तों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और इसे ओम आश्रम के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अवसर माना गया।



