रोहट में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता कार्यशाला, बालिकाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी

पाली : महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की ओर से रोहट स्थित सरस्वती आदर्श बाल सेकेंडरी स्कूल में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “बेटियों का सम्मान, देश का स्वाभिमान” रखा गया, जिसमें बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मसुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाते हुए बताया कि यदि कभी किसी प्रकार की असहज स्थिति का सामना करना पड़े तो तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।

उन्होंने बालिकाओं को यह भी बताया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां किसी भी समस्या या शिकायत की सूचना दी जा सकती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय ने भी बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यशाला में विद्यालय की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया।



