google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : 12 से 15 मार्च तक लगेगा संभाग स्तरीय ‘आरोग्य मेला-2026’, निःशुल्क उपचार व जांच की मिलेगी सुविधा

पाली : जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पाली के रामलीला मैदान में 12 से 15 मार्च तक चार दिवसीय संभाग स्तरीय आरोग्य मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। मेले में आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से आमजन को निःशुल्क परामर्श, उपचार और औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय में जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंग लाल शर्मा और डॉ. शिव कुमार शर्मा ने मेले के पोस्टर का विमोचन किया।

आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंग लाल शर्मा ने बताया कि मेले में विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी, जो लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देगी। इसके साथ ही बीपी और शुगर जैसी गैर संक्रामक बीमारियों की निःशुल्क जांच, आयुर्वेदिक पद्धति से प्रकृति परीक्षण, पंचकर्म, अग्निकर्म, मर्म चिकित्सा, जल नेति चिकित्सा सहित विभिन्न उपचार पद्धतियों की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मेले में औषधि निर्माताओं द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री, औषधीय पौधों की प्रदर्शनी तथा आयुर्वेद से जुड़े विशेष केंद्रों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा साइटिका, जोड़ों के दर्द सहित कई जटिल रोगों के उपचार के लिए विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा। होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा और स्वर्णप्राशन जैसी विशेष सेवाएं भी मेले में उपलब्ध रहेंगी।

मेले के दौरान 13 और 14 मार्च की शाम 7 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के सौजन्य से आयोजित होगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान पूर्व सहायक निदेशक स्कूल शिक्षा सोहनलाल भाटी, डॉ. हरिकिशन वैष्णव और वरिष्ठ सहायक तेजकरण चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button