जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने मंगलवार को रिद्धी सिद्धी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह, रामासिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रहने वाले बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने पुनर्वास गृह में भोजन व पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुनर्वास प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने रसोईघर, कमरों, स्नानघर और शौचालयों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
केयरटेकर निकी सागर ने बताया कि पुनर्वास गृह में रहने वाले मन्दबुद्धि बच्चों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा और योगाभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार देने के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां भी करवाई जाती हैं।
सचिव विक्रम सिंह भाटी ने पुनर्वास गृह में रह रहे बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली और संस्थान को निर्देश दिए कि बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं तक उनकी पहुंच सुगम बनी रहे। उन्होंने समय-समय पर बच्चों की चिकित्सकीय जांच करवाने और उनकी रुचि के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान केयरटेकर निकी सागर सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



