जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया पाली जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों को दी निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने मंगलवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 72 बंदी निरुद्ध पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बंदियों से सीधे संवाद कर कारागृह में उपलब्ध भोजन, पेयजल, चिकित्सीय सुविधा और साफ-सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से उनकी समस्याएं भी पूछीं और कारागृह प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जो बंदी निजी अधिवक्ता रखने में असमर्थ हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बंदी केवल अधिवक्ता के अभाव में कारागृह में निरुद्ध न रहे।

सचिव भाटी ने उन बंदियों के संबंध में भी जानकारी ली जिनकी जमानत हो जाने के बावजूद वे कारागृह में निरुद्ध हैं। साथ ही बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति के बारे में भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान नवागंतुक बंदियों से भी बातचीत कर घटना के समय उनकी आयु और प्रकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। बताया गया कि कारागृह में बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच ओपीडी के दौरान की जाती है और आपात स्थिति में उन्हें राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली रेफर किया जाता है।
निरीक्षण के समय कारापाल जोराराम, जेल डिस्पेंसरी के चिकित्सक डॉ. रॉयमेन जोसेफ, मेल नर्स रविंद्र परिहार, सहायक जेल विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन तथा अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




