google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : 15 से 19 मार्च तक मनाया जाएगा राजस्थान दिवस समारोह, विकसित राजस्थान रन से होगा आगाज

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष राजस्थान दिवस समारोह 15 से 19 मार्च तक पूरे प्रदेश के साथ पाली जिले में भी उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। पांच दिवसीय समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से कई गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने जिला कलक्टर कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने सभी प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को सफल आयोजन के लिए जिम्मेदारियां सौंपी।

बैठक में बताया गया कि 15 मार्च को राजस्थान दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसी दिन सुबह 8:30 बजे जिला कलक्टर कार्यालय से “विकसित राजस्थान रन” का आयोजन किया जाएगा, जिसे राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा जयपुर से फ्लैग ऑफ किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नोडल विभाग युवा एवं खेल विभाग रहेगा।

इसी दिन “राजस्थान को जानें” डिजिटल क्विज का शुभारंभ और पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके अलावा उद्योग विभाग की ओर से ओ.डी.ओ.पी. मेला एवं प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया जाएगा।

16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा, जिसका मुख्य आयोजन बेणेश्वर धाम, बांसवाड़ा में होगा।

17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के तहत जयपुर में राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन, रोजगार मेला, स्टार्टअप कार्यक्रम और विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इसी दिन जिला स्तर पर “राजस्थान को जानें” क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। साथ ही शाम 5 बजे उद्योग विभाग द्वारा उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम और निजी क्षेत्र में रोजगार पत्र वितरण किया जाएगा।

18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस के तहत भरतपुर में किसान और पशुपालकों की जनसभा आयोजित होगी। इस दौरान विकास कार्यों का शुभारंभ और योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल विभाग कृषि एवं पशुपालन विभाग रहेगा। इसी दिन शाम को प्रदेश के सभी राजकीय मंदिरों में महाआरती आयोजित की जाएगी। पाली में इसका आयोजन सोमनाथ मंदिर में होगा, जिसका नोडल विभाग देवस्थान विभाग रहेगा।

समारोह के अंतिम दिन 19 मार्च को राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन दोपहर में जालोर में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें लाभार्थियों से संवाद और योजनाओं का लाभ वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल विभाग सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग रहेगा।

इसी दिन शाम 7 बजे पाली में लाखोटिया गार्डन में विभिन्न विभागों के सहयोग से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि जयपुर में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी होगी।

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस बिरजु गोपाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखण्ड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय सिंह, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश चौधरी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज पंवार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button