नेत्रहीन विद्यार्थियों के साथ मनाया गया होली स्नेह मिलन, फागुनी गीतों और हर्बल गुलाल से सरोबार हुआ समारोह

पाली : भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रमुख पर्व होली पाली में विशेष अंदाज में मनाया गया। वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में नशामुक्ति सभागार में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में नेत्रहीन विद्यार्थियों के साथ रंग, संगीत और स्नेह का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह की अध्यक्षता लखपतराज सिंघवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में छगनलाल सालेचा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान के क्षेत्रीय संगठन मंत्री देवराज शर्मा ने कहा कि होली उत्साह, उमंग और खुशियों का त्योहार है। नेत्रहीन विद्यार्थियों के साथ इस पर्व को मनाना समाज में संवेदनशीलता और अपनत्व का संदेश देता है, जिससे दिव्यांगजन स्नेह और सम्मान से अभिभूत होते हैं।

कार्यक्रम में नेत्रहीन उद्योग विकास समिति, राजस्थान पेंशनर्स मंच और स्काउट व गाइड गोल्डन गिल्ड के सान्निध्य में समारोह आयोजित किया गया। घनश्याम भटनागर और गौतमचंद शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए होली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान नेत्रहीन और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के साथ भजन गायिका चंद्रिका शर्मा, गीत कलाकार जगदीश दुबे, राजेश अरोड़ा और केसाराम प्रजापत ने फागुनी गीत, भजन और नृत्य प्रस्तुत किए, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे। कांतिलाल मूथा और जयन्ता व्यास ने होली पर्व की परंपरा और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

समारोह में सुशीला जैन, लीला चौहान, शशि त्रिवेदी, विष्णु कुमार गोयल सहित मातृशक्ति ने पुष्पों और हर्बल गुलाल के साथ सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में चंपालाल संकलेचा, शिवप्रसाद परिहार, कालू प्रसाद शर्मा, गिरधारीराम जाट, प्रमोद कुमार माथुर, सुनील कुमार टांक, शिवनाथ सिंघवी, संजय निम्बावत, हनुमानराम और प्रदीप कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर संयोजक घनश्याम भटनागर ने आगामी 4 और 5 अप्रैल 2026 को चित्तौड़गढ़ में होने वाले अधिवेशन में अधिकाधिक प्रतिनिधित्व करने का आह्वान करते हुए अधिवेशन और यात्रा की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष लखपतराज सिंघवी ने लेखिका रॉन्ड्रा बर्न की प्रसिद्ध पुस्तक “द सीक्रेट” के हिंदी संस्करण की प्रतियां वितरित कर अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।




