google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

राम सेतु की गिलहरी अभियान, ओम बन्ना मंदिर परिसर में प्लास्टिक पर रोक, दुकानदारों ने कुल्हड़ और बायो कैरी बैग अपनाने का लिया संकल्प

पाली : जिला प्रशासन पाली की अभिनव पहल “राम सेतु की गिलहरी” अभियान के तहत रोहट स्थित प्रसिद्ध ओम बन्ना मंदिर परिसर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों ने यूज एंड थ्रो प्लास्टिक कप की जगह मिट्टी के कुल्हड़ का उपयोग करने और पॉलीथीन कैरी बैग के स्थान पर बायो कम्पोस्टेबल कैरी बैग अपनाने का संकल्प लिया।

यह पहल जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री और उपखंड अधिकारी पूरण कुमार की प्रेरणा से शुरू की गई। अभियान के तहत मंदिर परिसर में दुकानदारों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

उपखंड अधिकारी पूरण कुमार और शिक्षा विभाग के तुलसीराम ने बताया कि मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक दुकान के बाहर मिट्टी का मटका रखा जाएगा, ताकि दर्शनार्थियों को पीने के पानी के लिए प्लास्टिक बोतल खरीदने की आवश्यकता कम पड़े। साथ ही आवश्यकता होने पर ही पानी की बोतल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

अभियान के तहत व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर की साफ-सफाई भी की। सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। ग्राम पंचायत द्वारा नियमित अंतराल पर कचरा संग्रहण वाहन चलाकर कचरे का समुचित निस्तारण करने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस मौके पर विकास अधिकारी मनमोहन मीणा ने बताया कि ग्राम पंचायत चोटिला और ओम बन्ना मंदिर प्रशासन के सहयोग से पॉलीथीन संग्रहण के लिए विशेष जीव-जमीन रक्षा क्षेत्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में महान पराक्रमी सिंह ने विश्वास जताया कि व्यापार मंडल के सभी सदस्य इस संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और ओम बन्ना धाम को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने में सक्रिय योगदान देंगे।

कार्यक्रम में तहसीलदार प्रकाश पटेल, सीबीईओ जयदेव चारण, बीएसओ लालाराम, जबर सिंह, भू-अभिलेख निरीक्षक वासुदेव सारस्वत, एईएन पूनम चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी दिलीप सिंह, पटवारी कविता विश्नोई, कनिष्ठ सहायक डूंगरराम सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही व्यापारी करण सिंह, विक्रम सिंह, श्यामलाल, शक्तिसिंह, देवलाल सहित सभी दुकानदारों ने संकल्प पत्र भरकर इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button