पाली के आरोग्य मेले में उमड़ा जनसैलाब, दूसरे दिन 1900 से अधिक लोगों ने लिया आयुष उपचार का लाभ

पाली : पाली के रामलीला मैदान में आयुष विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय आरोग्य मेला 2026 में दूसरे दिन भी आमजन का उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला 15 मार्च 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ ले रहे हैं।

आयुर्वेद विभाग पाली के उपनिदेशक डॉ. बजरंगलाल शर्मा ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य आयुष प्रणालियों को बढ़ावा देना और पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आमजन तक बढ़ाना है। मेले में आयुर्वेद, योग, यूनानी, इलेक्ट्रोपैथी और होम्योपैथी के तहत निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेले में पंचकर्म, चर्म रोग, स्त्री रोग, प्रकृति परीक्षण, सौंदर्य प्रसाधन प्रदर्शनी, लाइव थेरेपी सत्र, योग प्रदर्शन और औषधीय खेती से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। दूसरे दिन आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश कौशिक (प्रभारी, कोठार) ने “स्वस्थ जीवन शैली एवं योग आसनों” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि जीवन में सबसे महत्वपूर्ण शरीर का स्वस्थ रहना है और इसके लिए नियमित योग व संतुलित जीवनशैली जरूरी है।

मेले के दूसरे दिन शाम पांच बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 1900 से अधिक लोगों का उपचार किया गया। इसमें आयुर्वेद से 915, होम्योपैथी से 540, यूनानी से 126, इलेक्ट्रोपैथी से 15, हिजामा कपिंग थेरेपी से 33, पंचकर्म से 99 तथा सौंदर्य प्रसाधन से 217 लोग लाभान्वित हुए। वहीं स्त्री रोग से संबंधित 19 महिलाओं का उपचार, 26 लोगों का प्रकृति परीक्षण और 23 बच्चों को इम्युनिटी बूस्टर के रूप में स्वर्णप्राशन कराया गया।
इस आरोग्य मेले में पाली जिले के साथ-साथ जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों से चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ भी भाग ले रहे हैं। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की विशेष पहल पर मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना मति सीमा कालबेलिया द्वारा कालबेलिया नृत्य तथा जगदीश पंचारिया टीम द्वारा भवई नृत्य की प्रस्तुति शुक्रवार और शनिवार शाम को दी जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक (संभाग जोधपुर) डॉ. अर्जुन सिंह चारण, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. बजरंगलाल शर्मा सहित अन्य चिकित्सक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




