सोजत में ‘पालिकामित्र’ चैटबॉट लॉन्च, अब घर बैठे दर्ज होंगी पालिका की शिकायतें, स्वच्छता सप्ताह की हुई शुरुआत

पाली : राजस्थान दिवस के अवसर पर स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता सप्ताह के तहत सोजत नगर पालिका द्वारा एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल करते हुए “पालिकामित्र” चैटबॉट का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रामेलाव तालाब परिसर में श्रमदान कार्यक्रम से पूर्व किया गया, जिसमें आमजन, जनप्रतिनिधि और नगर पालिका के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सोजत विधायक शोभा चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने की, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिनिधि जुगल किशोर निकुम और मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तंवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वच्छता सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे “सुरंगों सोजत अभियान” तथा अन्य नवाचारों के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस अवसर पर ब्रांड एंबेसडर दिनेश उज्जवल ने बताया कि “पालिकामित्र” चैटबॉट के माध्यम से अब शहरवासी घर बैठे ही नगर पालिका से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल नगर पालिका और आमजन के बीच संवाद को अधिक सरल और पारदर्शी बनाएगी।

कार्यक्रम के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता साथियों को सम्मानित भी किया गया और उनके कार्यों की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि विधायक शोभा चौहान ने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अभियानों और गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वच्छता संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में आमजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रामेलाव तालाब पार्क परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लेखा अधिकारी जगदीश सोलंकी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी हितेश सोनी, सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान, सद्दाम हुसैन, एमआईएस एग्जीक्यूटिव गोविंद चौहान, पार्षद राकेश पवार, तरुण सोलंकी, योगेश जोशी, जमादार कविता, श्याम गहलोत, राकेश देवड़ा, नरपत सोलंकी, गुणवती मेहता, मोहम्मद साजिद सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा नगर पालिका की डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।




