पचवारा टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन, मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल देकर किया सम्मानित

पाली : 55वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत बुंदेलखंड हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पचवारा टोल प्लाजा पर समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी गई।
समारोह में एनएचएआई पीआईयू छतरपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवेंद्र चापेकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एनएचएआई मैनेजर (टेक्निकल) श्री पटेल तथा डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) सौरभ चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि देवेंद्र चापेकर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लुहारी के मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां भी जीवन बचाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं, इसलिए सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत बुंदेलखंड हाईवेज प्रा. लि. के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह भदौरिया और नीरज राजोरिया द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुई।

इस अवसर पर सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों जरूरी हैं। कार्यक्रम में परियोजना से जुड़े अमित सिंह, आशीष विश्वकर्मा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह का संचालन सीएसआर एवं सुरक्षा मैनेजर फिरोज़ खान, जिन्हें राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।




