google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में संभाग स्तरीय आरोग्य मेला: तीन दिन में हजारों मरीजों ने लिया लाभ, योग-थेरेपी और सांस्कृतिक संध्या ने बढ़ाया आकर्षण

पाली : आयुष विभाग की ओर से आयोजित संभाग स्तरीय आरोग्य मेला 2026 इन दिनों पाली के रामलीला मैदान में जनस्वास्थ्य जागरूकता और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रचार का बड़ा केंद्र बना हुआ है। 12 मार्च से शुरू हुआ यह मेला 15 मार्च तक जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग निःशुल्क उपचार और परामर्श का लाभ उठा रहे हैं।

आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंगलाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को मेले का निरीक्षण करने पहुंचे निदेशालय आयुर्वेद विभाग अजमेर के अतिरिक्त निदेशक डॉ. रमेश मीणा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पाली में की गई सुव्यवस्थित तैयारियों की सराहना की।

मेले के तीसरे दिन शनिवार को सुबह योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. विजय कुमार और डॉ. वेद प्रकाश कौशिक ने उपस्थित लोगों को योग आसनों का अभ्यास करवाया। वहीं आयोजित व्याख्यान सत्र में मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय उदयपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. देवेश जैमन ने आयुर्वेद पद्धति से चर्म रोगों के उपचार की जानकारी दी।
होम्योपैथी विशेषज्ञ डॉ. रोजलीना डिसूजा ने माइंड-बॉडी-सोल एक्सिस के विषय पर व्याख्यान दिया, जबकि यूनानी चिकित्सक डॉ. आमदीन ने मोटापा और उससे बचाव के उपायों पर अपने विचार रखे।

मेले में पाली जिले के अलावा जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों से भी चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ शामिल हुए हैं। यहां आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध, इलेक्ट्रोपैथी और होम्योपैथी के तहत निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके साथ ही मेले में पंचकर्म, चर्म रोग, स्त्री रोग, प्रकृति परीक्षण, सौंदर्य प्रसाधन प्रदर्शनी, लाइव थेरेपी सत्र, योग प्रदर्शन और औषधीय खेती से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

शनिवार शाम तक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आयुर्वेद पद्धति से 1670 मरीजों, होम्योपैथी से 598, यूनानी से 493, इलेक्ट्रोपैथी से 78 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इसके अलावा 351 लोगों को सौंदर्य प्रसाधन चिकित्सा का लाभ मिला, जबकि कई महिलाओं का स्त्री रोग संबंधी उपचार भी किया गया।

मेले में अब तक 130 लोगों का प्रकृति परीक्षण किया गया तथा 77 बच्चों को इम्युनिटी बढ़ाने के लिए स्वर्णप्राशन कराया गया। आयोजकों के अनुसार आरोग्य मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक 15 मार्च तक जारी रहेगा।

इस दौरान जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की पहल पर रामलीला मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना मति सीमा कालबेलिया ने कालबेलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं जगदीश पंचारिया की टीम ने पारंपरिक भवई नृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और पारंपरिक लोककलाओं का आनंद लिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button