पाली में ‘रजवाड़ी स्नेह मिलन’ में झलकी राजस्थानी संस्कृति, महिलाओं ने मारवाड़ी वेशभूषा में होली गीतों पर किया नृत्य

पाली : शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित ‘रजवाड़ी स्नेह मिलन’ कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति और मारवाड़ी परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महिलाएं पारंपरिक मारवाड़ी वेशभूषा में नजर आईं और होली के पारंपरिक गीतों पर थिरकते हुए उत्सव का आनंद लिया।
महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली की सदस्य रेणु कंवर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं के लिए यह विशेष स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 55 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं, गेम्स और प्रश्नोत्तरी आयोजित की गईं, जिनका महिलाओं ने भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
बेस्ट सिंगर का पुरस्कार राधा रानी को दिया गया। बेस्ट डांस में ममता ने प्रथम, खुशी राठौड़ ने द्वितीय और वैशाली व्यास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेस्ट लुकिंग का अवॉर्ड गौरव हेमंत कंवर को मिला। बेस्ट ड्रेसिंग का सम्मान भारती और संतोष कंवर को दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान शोभा सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली के अध्यक्ष कुलदीप पंवार, अनिता माली, जीतू आडवाणी और आर.डी. वैष्णव भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि शोभा सोलंकी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके साथ ही राजस्थानी संस्कृति और मारवाड़ी परंपराओं को भी सहेजना और आगे बढ़ाना जरूरी है, ताकि हमारी सांस्कृतिक पहचान और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेणु कंवर, रेखा श्रीमाली, हंसा डागर और कपिल वैष्णव सहित कई सदस्यों का सहयोग रहा। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों और पारंपरिक माहौल के बीच आपसी स्नेह और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।




