विश्व उपभोक्ता दिवस पर पाली में जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षित उत्पाद और सतर्क उपभोक्ता पर दिया गया जोर

पाली : हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रविवार को पाली में विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी कमल पंवार ने की। इस वर्ष भारत सरकार द्वारा विश्व उपभोक्ता दिवस की थीम “Safe Products, Confident Consumer” (सुरक्षित उत्पाद, आश्वस्त उपभोक्ता) निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में गजेन्द्र सिंह राजपुरोहित (अधिवक्ता), पाली जिला जनचेतना समिति के अध्यक्ष डॉ. के.एम. शर्मा, जागरूक उपभोक्ता नरेश शर्मा, उपभोक्ता मंच के सदस्य, उपभोक्ता क्लब प्रभारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिले के राशन डीलर्स, व्यापार संघ के पदाधिकारी तथा कई गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने तकनीकी युग में तेजी से बदल रहे उपभोक्ता व्यवहार, ऑनलाइन ट्रेडिंग और ई-कॉमर्स से जुड़े कानूनी, सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए उपभोक्ता संरक्षण का अधिकार, सूचना का अधिकार, सुने जाने का अधिकार, अनुचित व्यापार व्यवहार के खिलाफ शिकायत करने का अधिकार और उपभोक्ता जागरूकता का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में लोगों को वस्तु खरीदते समय वैधता अवधि की जांच करने, ई-कॉमर्स व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतने, कंपनी की पूरी जानकारी प्राप्त करने, ऑनलाइन भ्रमित करने वाले विज्ञापनों और अनधिकृत वेबसाइटों से बचने की भी सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा निर्धारित गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और जागरूक उपभोक्ता बनने की शपथ दिलाई गई। साथ ही राज्य स्तरीय उपभोक्ता सम्मेलन और आयोग के अध्यक्ष-सदस्यों के प्रशिक्षण-प्रबोधन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी यूट्यूब के माध्यम से देखा गया।
इस अवसर पर प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्र सिंह, प्रवर्तन निरीक्षक भरत कुमार, ओमप्रकाश, संगीता शर्मा, हेमंत सेन, जसपाल सिंह, विवेक सिंह, नितिन कुमार सिरवी, मोहम्मद मकसूद, पुखराज, रामसिंह सहित विभाग के अन्य कार्मिकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन उपभोक्ता जागरूकता फैलाने और सुरक्षित खरीदारी के संदेश के साथ किया गया।



