राजस्थान दिवस पर पाली में ओडीओपी मेला व टेक्सटाइल प्रदर्शनी का शुभारंभ, उद्यमियों को 1.81 करोड़ की सहायता

पाली : राजस्थान दिवस के अवसर पर रविवार को जिला उद्योग केन्द्र में ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) मेला और टेक्सटाइल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने फीता काटकर किया। इस दौरान उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत उद्यमियों को कुल 1 करोड़ 81 लाख 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।

प्रदर्शनी में हाथकरघा, वन उत्पाद, टेक्सटाइल और विभिन्न उद्योगों से जुड़े कई स्टॉल लगाए गए, जिनमें मिल्क स्टेशन, किलर एक्स, श्री गणेश प्रिंट फैब्रिक, महाराज श्री उम्मेद मिल्स लिमिटेड, शिव एग्रीको इम्प्लीमेंट्स लिमिटेड फालना, नेचुरल कलर बायो कलर ब्लॉक प्रिंटिंग, श्री चारभुजा लघु उद्योग, सूर्यज्योति कॉटन ड्रेसेस, प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग, श्री राजाराम प्रिंट्स, गणपति कॉटन सूट, कालीवाड़ा वुडन हैंडीक्राफ्ट और प्रांजल फैशन प्राइवेट लिमिटेड सहित कई उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान एक जिला एक उत्पाद नीति 2024 के तहत नए उद्योग स्थापित करने के लिए उद्यमियों को मार्जिन मनी सहायता भी प्रदान की गई। इसके तहत गीतांक मेहता (मैसर्स पार्श्वद्वीप इंडस्ट्रीज) को 20 लाख, मुकेश दोशी (मैसर्स मॉ वांकल टेक्सटाइल) को 15 लाख और सुमन मांडावत (मैसर्स नव्या फैशन) को 20 लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए।

इसके अलावा राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जेडएलडी/ईटीपी स्थापना पर जगदीश छोजेड़ (मैसर्स भारत महान इंडस्ट्री) को 48 लाख और सुनील (मैसर्स पदम श्री वीविंग एंड मैन्युफैक्चरिंग मिल्स प्रा. लि.) को 59.40 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई। वहीं विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत आशीष श्रीवास्तव, कमलेश कुमार और निखिल जैन को 5-5 लाख तथा आकाश मेवाड़ को 3.75 लाख रुपये की मार्जिन मनी सहायता प्रदान की गई।

कार्यक्रम में सीएसआर और “कर्मभूमि से मातृभूमि” पहल के तहत जल संरक्षण और जनभागीदारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सेलो फाउंडेशन के शंभुसिंह यादव, महाराज श्री उम्मेद मिल्स के सीईओ सुदीप, प्रांजल फैशन प्राइवेट लिमिटेड के पीयूष गगड़ और लोक कलाकार शैलेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया।

इस दौरान लोक कलाकार शैलेन्द्र सिंह ने गजल और बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग भी दिया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक रज्जाक अली, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश चौधरी सहित कई उद्यमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




