पाली : 100 मेधावी छात्राओं को मिलेगी साइकिलें, इंडीड फाउंडेशन के सहयोग से शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

पाली : शहर के शिवाजी नगर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र में गुरुवार को सामाजिक संगठन इंडीड फाउंडेशन के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पाली, रानी और सोजत ब्लॉक की 100 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया जाएगा।
संस्था प्रधान दौलाराम मेघवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल कक्षा 11वीं में विज्ञान संकाय में अध्ययनरत छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी आवागमन सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी, जिनमें नव चयनित आईएएस गरिमा परमार, लॉज इंडिया के प्रबंध निदेशक अंकुर मित्तल, वरिष्ठ अधिकारी विद्या मुनिरत्नम, फाउंडेशन अध्यक्ष विक्रम राजोला, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक देव किशन परमार प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
इसके अलावा शिक्षा विभाग के अधिकारी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) प्रवीण चारण, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी तथा निर्वतमान पार्षद भंवर राव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इस पहल से क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिलने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



