मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में पाली का परचम, राज्य स्तर पर सम्मानित—सुमेरपुर CHC भी अवॉर्ड से नवाजा गया

पाली : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत उत्कृष्ट कार्य करते हुए पाली जिले ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है। गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पाली जिले को मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने प्राप्त किया। आरसीएचओ डॉ. विजेन्द्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए हर माह 9, 18 और 27 तारीख को चिकित्सा संस्थानों में विशेष जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।

जयपुर स्थित राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (SIHFW) में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला ने पाली को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि के साथ ही पाली जिले के सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया गया।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने बताया कि यह सम्मान जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। वहीं सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने सभी चिकित्साकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। यह उपलब्धि पाली जिले के लिए गौरव का क्षण है और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले की मजबूत कार्यप्रणाली को दर्शाती है।



