google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : भाईचारे के साथ मनी ईद-उल-फितर, ईदगाह में अदा हुई नमाज—अमन-खुशहाली की मांगी दुआ

पाली : शहर में शनिवार को Eid al-Fitr का पावन पर्व पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम मस्तान बाबा ईदगाह में आयोजित हुआ, जहां सुबह करीब पौने नौ बजे मौलाना दानिश कफील के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईदगाह सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए, वहीं जरूरतमंदों को खैरात भी वितरित की गई। इस अवसर पर मौलाना ने तकरीर करते हुए विशेष खुतबा पढ़ा और ईद का महत्व बताया।

नमाज के बाद मौलाना दानिश कफील का स्वागत किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने भी ईदगाह पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। मुस्लिम समाज के सदर हकीम भाई ने कलेक्टर और अन्य अधिकारियों का माला व शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।

ईदगाह परिसर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। इस दौरान विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बड़ा, कांग्रेस नेता संगीता बेनीवाल, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ सहित कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

वहीं प्रशासन की ओर से एसपी मोनिका सेन, एडीएम ओमप्रभा, एएसपी जयसिंह तंवर, एसडीएम विमलेन्द्र सिंह राणावत, सीओ सिटी मदन सिंह और सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नू सहित अन्य अधिकारियों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुबारकबाद दी।

ईद के इस मौके पर नन्हे बच्चे भी सज-धजकर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे शहर में आपसी सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button